हुबली
केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा कि उत्तर कन्नड़ जिले के बेलेकेरी सहित दो बंदरगाहों के विकास हेतु केंद्र सरकार द्वारा समझौता किया गया है। यदि बंदरगाह तथा अंकोला रेल परियोजना को लागू किया जाता है, तो हुबली केंद्रित विकास के नए द्वार खुलेंगे। वे श्री सिध्दारुढ स्वामीजी रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में नई बेंगलुरु-मुंबई सुपरफास्ट ट्रेन को हरी झंडी दिखाने के अवसर पर संबोधित कर रहे थे। उन्होंने बताया कि हुबली-अंकोला रेलवे लाइन के निर्माण हेतु वन्यजीव बोर्ड से आवश्यक अनुमति प्राप्त करने के लिए व्यापक प्रयास किए गए हैं और प्रक्रिया अब अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह परियोजना शीघ्र ही कार्यान्वित होगी।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि लंबे समय से प्रतीक्षित बेंगलुरु-मुंबई सुपरफास्ट ट्रेन सेवा अब प्रारंभ हो गई है। यह ट्रेन सप्ताह में दो दिन — मंगलवार और शनिवार — को बेंगलुरु के एसएमवीटी स्टेशन तथा मुंबई के लोकमान्य तिलक टर्मिनस के बीच संचालित होगी।
साथ ही उन्होंने बताया कि धारवाड़ और बेलगावी के बीच भूमि अधिग्रहण आवश्यक है। केंद्र सरकार ने सीधी रेल संपर्क परियोजना के लिए 1,000 करोड़ रुपये की मंजूरी प्रदान की है। राज्य सरकार द्वारा भूमि उपलब्ध कराते ही कार्य प्रारंभ किया जाएगा। तुमकुर और दावणगेरे के बीच लगभग 15 प्रतिशत भूमि अधिग्रहण अभी शेष है। मंत्री जोशी ने कहा कि इस परियोजना के पूर्ण होने से बेंगलुरु-मुंबई रेल यात्रा का समय लगभग तीन घंटे कम हो जाएगा। साथ ही इस ट्रेन को भविष्य में वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस श्रेणी में परिवर्तित करने की मांग भी की गई है, जिसे अगले एक वर्ष में पूरा करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि देश में रेलवे विद्युतीकरण का कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है और इस क्षेत्र में भारत विश्व में दूसरे स्थान पर पहुंच गया है। रेलवे के लिए केंद्र सरकार द्वारा आवंटित बजट में भी उल्लेखनीय वृद्धि की गई है। हुबली रेलवे स्टेशन को विश्वस्तरीय स्टेशन के रूप में विकसित करने की योजना तैयार की गई है। इसके लिए लगभग 400 करोड़ रुपये का प्रस्ताव विभाग को भेजा गया है तथा कार्य शीघ्र प्रारंभ होने की संभावना है। इसके अतिरिक्त अलनावर रेलवे स्टेशन का विकास कार्य पूर्ण हो चुका है और उसका उद्घाटन भी जल्द किया जाएगा।
इस अवसर पर विधायक अरविन्द बेल्लड़, महेश टैंगिंकाई, एफ.एच. जक्कप्पनावर, प्रदीप शेट्टार, दक्षिण पश्चिम रेलवे सलाहकार समिति सदस्य महेंद्र सिंघी, पूर्व महापौर रमन्ना बडिगेर, शिवू मेनसिनकाई, चन्नवीरा मुंगरवाड़ी सहित रेलवे विभाग के अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
इस दौरान जेडआरयूसीसी सदस्य महेंद्र सिंघी ने बताया कि उन्होंने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, केंद्रीय मंत्री एवं धारवाड़ सांसद प्रल्हाद जोशी, , रेल राज्य मंत्री वी सोमन्ना, तथा रेलवे अधिकारियों से विशेष आग्रह किया था कि बेंगलुरु से तुमकुर, दावणगेरे, हावेरी, हुबली-धारवाड़ एवं बेलगावी मार्ग से मुंबई तक सुपरफास्ट रेल सेवा प्रारम्भ की जाए, जिसका आज शुभारंभ हुआ। उन्होंने सभी का आभार व्यक्त करते हुए निवेदन किया कि इस गाड़ी की समय सारणी में थोड़ा सुधार किया जाए, जिससे यात्रियों को अधिक सुविधा मिल सके।
